Jalandhar News (मेजर टाइम्स): जालंधर देहात के भोगपुर में सोमवार देर रात शराब के नशे में धुत होकर सरकारी रिकवरी वैन चलाने और कई वाहनों को सीधी टक्कर मारने वाले एएसआई (ASI) पर पुलिस प्रशासन ने बड़ा गाज गिराया है। एसएसपी जालंधर देहाती हरविंदर सिंह विर्क (PPS) ने आरोपी एएसआई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद गुस्साए लोगों ने सरकारी वाहन को घेर लिया था और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
3-4 वाहनों को मारी टक्कर
घटनाक्रम और हादसे की विस्तृत जानकारी पुलिस लाइन जालंधर में तैनात एएसआई गुरसिंदर सिंह भोगपुर नेशनल हाईवे पर सरकारी रिकवरी वैन की ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान शराब के अत्यधिक नशे में होने के कारण उसने आपा खो दिया।एएसआई ने सड़क किनारे खड़े और चल रहे 3-4 वाहनों को ताबड़तोड़ टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और एक वाहन का टायर तक फट गया।
मेडिकल रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एएसआई गुरसिंदर सिंह को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल, काला बकरा भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसकी रिपोर्ट में अत्यधिक शराब के सेवन की पुष्टि की।
मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक होते ही एसएसपी जालंधर देहाती हरविंदर सिंह विर्क ने सख्त एक्शन लेते हुए एएसआई को सस्पेंड कर वापस पुलिस लाइन भेज दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच (Departmental Inquiry) के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
Read Also: CM मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन को CBI का समन
SHO को फोन कर लोगों ने जताया विरोध
घटना के समय मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत संबंधित पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी (SHO) को फोन कर कड़ी शिकायत दर्ज कराई।
स्थानीय लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जो पुलिसकर्मी शराब पीकर गाड़ियां चला रहे हैं, वे जनता की सुरक्षा करने के बजाय हाईवे पर लोगों की जान के लिए सीधा खतरा बनते जा रहे हैं।
