बस्ती शेख में कन्फेक्शनरी की दुकान में लगी भयानक आग, 8 से 10 लाख का नुकसान

फायर ब्रिगेड पर देरी का आरोप
जालंधर ( major times ) जालंधर शहर के बस्ती शेख इलाके में स्थित बस शेख शॉप नंबर 2 और 3 में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे के दौरान दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन और फायर ब्रिगेड विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं दमकल विभाग ने भी अपना पक्ष रखा है।
दुकानदार सौरव भुल्लर का बयान
दुकान के मालिक सौरव भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने यह दुकान (भोला मिल्क बार एंड कन्फेक्शनरी) इसी साल 17 जुलाई को सरबजीत नाम के व्यक्ति से टेक ओवर की थी। दुकान का एग्रीमेंट उनके और उनके छोटे भाई के नाम पर है।
सौरव ने बताया कि दुकान के पिछले हिस्से में पानी और कोल्ड ड्रिंक्स की 200 से 250 पेटियां और चिप्स आदि का सामान रखा हुआ था। नया सामान और पिछला स्टॉक मिलाकर कुल 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है।
फायर ब्रिगेड की देरी के आरोप
दुकानदार ने आरोप लगाया कि उन्होंने और आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। अगर गाड़ी समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान कम हो सकता था।
दुकानदार के भाई ने शक जताया है कि पीछे की खिड़की की तरफ से किसी तार आदि से बांधकर कोई शरारत की गई होगी। उन्होंने मांग की है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जाएं।
दमकल विभाग लीडिंग फायर ऑफिसर का बयान
दूसरी ओर, मौके पर पहुंचे लीडिंग फायर ऑफिसर ने बताया कि सूचना मिलते ही वे तुरंत गाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गए थे। आग काफी ज्यादा थी और अधिकारी के मुताबिक दुकान के अंदर पटाखे भी रखे हुए थे, जिनके फटने से आग और भड़क गई।
जब फायर ब्रिगेड के समय पर न पहुंचने और प्रबंधों के बारे में पूछा गया, तो अधिकारी ने कहा कि जनता कुछ भी कह सकती है, लेकिन उन्होंने सूचना मिलते ही दूसरी गाड़ी मंगवाकर आग पर काबू पा लिया था। दुकान के अंदर पटाखे रखे होने के मामले की जांच प्रशासन अपने स्तर पर करेगा।
प्रशासन से मांग
पीड़ित दुकानदार परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि समय पर मदद न पहुंचने और हुए भारी नुकसान का मुआवजा दिया जाए तथा इस पूरे हादसे की निष्पक्ष और गहराई से जांच की जाए।
