सेशन कोर्ट ने आरोपों को बताया बेबुनियाद, अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में रहा नाकाम
– बचाव पक्ष के वकील तरनजोत सिंह सिधाना की जिरह में सामने आईं कई अहम विसंगतियां
जालंधर, 17 नवंबर ( Major Times )
13 साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद पूर्व सैनिक प्रकाश चंद को अदालत से बड़ी राहत मिली है। अतिरिक्त सेशन जज श्रीमती रजनी छोकड़ा की अदालत ने उन्हें सभी आपराधिक आरोपों से बरी कर दिया। अदालत ने मामले में लगाए गए आरोपों को पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में असफल रहा।
मामला वर्ष 2013 का है। शिकायतकर्ता ने अपने पति सुधीर कुमार, ससुर प्रकाश चंद और देवरों सतीश कुमार व सुरेश कुमार के खिलाफ जालंधर पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने के बाद शिकायतकर्ता ने न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आईपीसी की धारा 406, 498-ए, 376 और 34 के तहत निजी शिकायत दर्ज करवाई थी।
प्रारंभिक कार्रवाई के बाद अदालत ने सुधीर कुमार और प्रकाश चंद को तलब किया था। बाद में सुधीर कुमार को भगोड़ा घोषित कर दिया गया। पूर्व सैनिक प्रकाश चंद ने समन जारी करने के आदेश को रद्द करवाने के लिए हाई कोर्ट का रुख किया था। वर्ष 2025 में हाई कोर्ट ने उन्हें ट्रायल कोर्ट में पेश होकर मुकदमे का सामना करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद मामला सेशन अदालत में पहुंच गया।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील एडवोकेट तरनजोत सिंह सिधाना की ओर से की गई जिरह में शिकायतकर्ता के बयानों में कई विरोधाभास सामने आए। बचाव पक्ष ने अदालत में यह भी बताया कि कथित घटना के दो दिन बाद मेडिकल जांच करवाई गई थी। इसके अलावा शिकायतकर्ता की मामी उस समय सिविल अस्पताल में डॉक्टर के पद पर तैनात थीं। बचाव पक्ष ने दलील दी कि मेडिकल रिपोर्ट उनके कहने पर तैयार की गई थी। संबंधित डॉक्टर भी रिपोर्ट की पुष्टि के लिए अदालत में गवाही देने नहीं पहुंचे।
जिरह के दौरान शिकायतकर्ता ने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले जालंधर के एसपी की ओर से की गई जांच में आरोपियों को निर्दोष पाया गया था। इसी तरह शिकायतकर्ता के पिता की गवाही के दौरान कथित दहेज के सामान की खरीद से संबंधित कोई बिल या रसीद पेश नहीं की गई। कपड़ों को भी सबूत के तौर पर अदालत के रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया गया था।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और रिकॉर्ड पर मौजूद साक्ष्यों का मूल्यांकन करने के बाद अदालत ने प्रकाश चंद को सभी आरोपों से बरी कर दिया। इस फैसले के साथ ही पूर्व सैनिक की 13 वर्षों से चली आ रही कानूनी लड़ाई का अंत हो गया।
