
केएमवी नजदीकी ग्लासी जंक्शन रेस्टोंरेंट पर पुलिस ने देर रात रेड की। अब शराब परोसने के लाइसेंस की जांच करेगा एक्साइज विभाग
जालंधर (Major Times)
जालंधर में पुलिस ने मकसूदां रोड HMV कॉलेज नजदीकी ग्लासी जंक्शन (The Glassi Junction) में छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि बार में हुक्का बार चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर जालंधर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रेड के दौरान बार का स्टाफ वहां से भाग गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर जांच के दौरान हुक्का बार तो नहीं मिला, लेकिन बार में शराब परोसी जा रही थी। इस संबंध में पुलिस ने एक्साइज विभाग को जानकारी दे दी है। अब एक्साइज विभाग की टीम जांच करेगी कि बार के पास शराब परोसने का वैध लाइसेंस है या नहीं।
बार मालिक के खिलाफ होगी कार्रवाई
जालंधर सेंट्रल के ACP राजेश ठाकुर ने कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। शराब परोसने को लेकर एक्साइज विभाग के अधिकारियों को लिखा जाएगा। अगर जांच में बार के पास जरूरी लाइसेंस नहीं पाया गया तो इसके मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि छापेमारी के दौरान किसी भी व्यक्ति को राउंडअप या हिरासत में नहीं लिया गया। हुक्का बार से संबंधित कोई ठोस सबूत भी सामने नहीं आया है।
मैनेजर ने रेड से पब का संबंध होने से किया इनकार
दूसरी तरफ, होटल के पब मैनेजर ने पुलिस की रेड को लेकर कहा कि छापेमारी ऊपर हुई है और इसका पब से कोई लेना-देना नहीं है। हालांकि, रेड के दौरान पब के कर्मचारी शोकेस में सजाकर रखी शराब की बोतलों को संभालते हुए नजर आए।
अब एक्साइज विभाग की जांच पर टिकी नजरें
फिलहाल पुलिस की जांच में हुक्का बार चलने की पुष्टि नहीं हुई है। अब एक्साइज विभाग यह पता लगाएगा कि बार में शराब परोसने के लिए जरूरी अनुमति और लाइसेंस मौजूद था या नहीं। लाइसेंस संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित बार प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
