नई दिल्ली (मेजर टाइम्स)। Pargat Singh PPCC Chief Delhi Visit: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के नवनियुक्त अध्यक्ष और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह ने पदभार ग्रहण करते ही 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र पार्टी को ज़मीनी स्तर पर री-स्ट्रक्चर और मज़बूत करने की रणनीति पर आक्रामक तरीके से काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को दिल्ली पहुंचे परगट सिंह कांग्रेस के केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व के साथ अहम संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे।
खड़गे, राहुल और प्रियंका गांधी से बैठक संभव
परगट सिंह (Pargat Singh) शनिवार दोपहर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात कर सकते हैं। इस दौरान पंजाब के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम, राज्य इकाई में गुटबाजी खत्म करने और नए सांगठनिक ढांचे के गठन पर विस्तृत चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट के MLA परगट सिंह बने पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान, संगठन में भारी फेरबदल की तैयारी
राहुल गांधी द्वारा 5 अक्टूबर को दिल्ली में बुलाई गई उच्च-स्तरीय बैठक में यदि परगट सिंह शामिल होते हैं, तो उनका 6 अक्टूबर को पंजाब लौटने का कार्यक्रम है। अन्यथा वह रविवार दोपहर तक चंडीगढ़/जालंधर लौट सकते हैं।
गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में नतमस्तक
दिल्ली दौरे के दौरान अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक बैठकों से पहले परगट सिंह ने शनिवार सुबह ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में मत्था टेका। उन्होंने पंजाब की शांति, खुशहाली और अपने नए दायित्वों को पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाने के लिए अरदास की।
यूथ कांग्रेस का दिल्ली में जमावड़ा
परगट सिंह की नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखा जा रहा है। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अंगद दत्ता के नेतृत्व में जालंधर से एक विशेष प्रतिनिधिमंडल परगट सिंह को बधाई देने दिल्ली पहुंचा। इसमें डीसीसी जालंधर के महासचिव भूपिंदर सिंह भिंदा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता धर्मेंद्र सिंह भिंदा, नवजोत गाबा और पलवीर टुट शामिल थे।
मुलाकात के दौरान परगट सिंह ने नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि 2027 की लड़ाई जीतने के लिए ‘बूथ स्तर अभियान’ शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस पार्टी की रीढ़ की हड्डी है और युवाओं को एकजुट कर आम जनता के मुद्दों पर सड़कों पर संघर्ष तेज किया जाएगा।
