Jalandhar Raid: (मेजर टाइम्स) जालंधर शहर के तीन बड़े होटलों में आबकारी विभाग (Excise Department) की विशेष टीमों ने अचानक दबिश देकर हड़कंप मचा दिया। यह कार्रवाई अवैध शराब की बिक्री, परोसने और स्टॉक रजिस्टर में व्यापक गड़बड़ी की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई। एक्साइज विभाग की टीम ने ग्रेवाल हॉस्पिटैलिटी (Grewal Hospitality), मोचा (Mocha) और मैरीटन होटेलरी (Mariton Hotelerie) में गहन चेकिंग की। जांच के दौरान बिना होलोग्राम वाली संदिग्ध शराब की बोतलें बरामद हुई हैं, जबकि कई स्थानों पर स्टॉक रजिस्टर अधूरे और संदिग्ध पाए गए।
असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. हरसिमरत कौर ग्रेवाल की अगुवाई में हुई कार्रवाई
असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. हरसिमरत कौर ग्रेवाल के नेतृत्व में पहुंची एक्साइज टीम ने तीनों नामी होटलों के बार और गोदामों में मौजूद शराब के भौतिक स्टॉक (Physical Stock) का सरकारी रिकॉर्ड से मिलान किया।
चेकिंग के दौरान तीनों होटलों में गैर-कानूनी तरीके से रखी गई बिना होलोग्राम की शराब की बोतलें मिलीं, जिससे अवैध शराब की सप्लाई या तस्करी की आशंका जताई जा रही है।
मैरीटन होटेलरी में अधूरे मिले रजिस्टर
जांच टीम के अनुसार ‘मैरीटन होटेलरी’ में शराब के रखरखाव से जुड़े स्टॉक रजिस्टर पूरी तरह से अधूरे पाए गए, जो आबकारी नियमों का सीधा उल्लंघन है।
आबकारी अधिकारियों ने तीनों होटलों के प्रबंधकों और संबंधित कर्मचारियों के आधिकारिक बयान दर्ज कर लिए हैं। आबकारी विभाग द्वारा नियमों के उल्लंघन के तहत होटलों पर भारी जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने संबंधी अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
