
जालंधर ( Major Times ) लद्देवाली निवासी जसवीर कौर ने बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठकर मोबाइल फोन चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक वहां पहुंचा और अचानक उसके हाथ से मोबाइल फोन तथा गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण वह आरोपी को पकड़ नहीं सकी। इसके बाद उसने घटना की जानकारी अपने पति को दी।
पीड़िता के पति ने बताया कि घटना के बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर आशंका जताई गई कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की होगी। घर के बाहर पत्नी को अकेले बैठा देखकर उसने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
पीड़ित परिवार ने आरोपी की सीसीटीवी फुटेज जारी कर लोगों से उसकी पहचान करने और उसे पकड़वाने में मदद करने की अपील की है। महिला के पति ने भी घोषणा की है कि आरोपी के बारे में जानकारी देने या उसे पकड़वाने में मदद करने वाले व्यक्ति को उचित सहयोग दिया जाएगा।
