होशियारपुर में पुलिस की फायरिंग, राहगीर को लगी गोली; एक आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार
होशियारपुर ( Major Times ) पंजाब के होशियारपुर जिले के दसूहा में शुक्रवार सुबह पुलिस और कार सवारों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। बलगड़ां चौक पर हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। इस दौरान करीब 6 राउंड गोलियां चलीं, जिनमें एक राहगीर घायल हो गया। घायल की पहचान मोहम्मद रफी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, एक सफेद रंग की कार में सवार संदिग्धों का पुलिस पीछा कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी कार के पीछे लग गई और फायरिंग शुरू हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस की ओर से कार पर पीछे से गोलियां चलाई गईं।
फायरिंग में राहगीर घायल
मुठभेड़ के दौरान मोहम्मद रफी की बाजू में गोली लग गई। पुलिस ने घायल को तुरंत सिविल अस्पताल दसूहा में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
6 गाड़ियों को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि पुलिस से बचकर भागने के दौरान कार सवारों ने रास्ते में करीब 6 गाड़ियों को टक्कर मार दी। पुलिस ने पीछा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हो गए।
इलाके में दहशत, पुलिस की जांच जारी
शुक्रवार सुबह अचानक हुई फायरिंग से बलगड़ां चौक और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
