जालंधर में सोमवार देर रात बजरंग दल और गौ रक्षा सेवा दल के सदस्यों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गोवंश की अवैध तस्करी कर रही दो गाड़ियों को रंगे हाथों पकड़ा। यह गाड़ियां लुधियाना से पठानकोट और जम्मू की ओर ले जाई जा रही थीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर एक ड्राइवर को हिरासत में लिया है, जबकि मामले के मुख्य साजिशकर्ता बंटी पार्षद (कौंसलर) पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

तेज रफ्तार गाड़ी खंभे से टकराई, घेराबंदी कर पकड़ा ड्राइवर
बजरंग दल के प्रतिनिधि इंद्रजीत झा के अनुसार यह कार्रवाई देर रात करीब 2:30 बजे की गई:
-
पीछा कर रोका: टीम ने जब पहली संदिग्ध गाड़ी को रोका, तभी एक अन्य तेज रफ्तार गाड़ी वहां से भागने लगी। गौरक्षकों ने पीछा किया तो तस्कर ने भागने के चक्कर में गाड़ी एक अन्य वाहन से भिड़ा दी, जिसके बाद गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे खंभे से जा टकराई।
-
चालक काबू: दुर्घटना के बाद तस्कर ने पैदल भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
अवैध कटाई के लिए जम्मू ले जाए जा रहे थे बैल
-
गाड़ियों से बरामदगी: एक गाड़ी की जांच में 3 बैल ठूस-ठूस कर भरे मिले, जबकि दूसरी गाड़ी की विस्तृत जांच जारी है।
-
बिना कागजात परिवहन: मौके पर पशु परिवहन से जुड़ा कोई वैध बिल या सरकारी दस्तावेज पेश नहीं किया गया। आरोप है कि इन्हें अवैध कटाई और बीफ सप्लाई के लिए पठानकोट व जम्मू ले जाया जा रहा था।
मुख्य आरोपी बंटी पार्षद का आपराधिक इतिहास
गौरक्षकों ने खुलासा किया कि इस अवैध नेटवर्क का मुख्य आरोपी बंटी पार्षद एक शातिर व पुराना तस्कर है:
-
पहले से दर्ज हैं FIR: आरोपी बंटी के खिलाफ मोहाली और जालंधर के थाना मकसूदां में पहले से ही तस्करी के गंभीर मामले (FIR) दर्ज हैं।
इस मौके पर गौ सुरक्षा सेवा दल पंजाब के प्रधान संदीप वर्मा, पंजाब सचिव गोबिंद कुमार बरनाला, जिला प्रधान प्रदीप कुमार, बजरंग दल संयोजक राजबीर ठाकुर और सह-संयोजक शौर्य शर्मा भी मौजूद रहे।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व थाना प्रभारी (SHO) पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों गाड़ियों और बरामद गोवंश को अपनी कस्टडी में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गाड़ियों के नंबरों और हिरासत में लिए गए ड्राइवर से पूछताछ के आधार पर बंटी पार्षद और उसके गिरोह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
