Jalandhar News: जालंधर में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर नकेल कसने के लिए स्वास्थ्य विभाग की फूड सेफ्टी टीम ने शनिवार तड़के करीब 5:30 बजे किशनपुरा सब्जी मंडी और आसपास के इलाके में अचानक छापेमारी की। इस दौरान टीम ने करीब 75 किलो संदिग्ध पनीर सीज किया है और खोया व पनीर के 3 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं।

सप्लाई की गाड़ी रोकी, 2 दुकानों पर पड़ा छापा
फूड सेफ्टी विंग की टीम ने सबसे पहले इलाके से गुजर रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर उसमें रखी खाद्य सामग्री की तलाशी ली:
-
दूकानों में औचक निरीक्षण: इसके बाद मंडी के पास स्थित 2 मिठाई की दुकानों पर अचानक जांच की गई।
-
75 किलो पनीर सील: मौके पर मौजूद खोया और पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध लगने पर अधिकारियों ने करीब 75 किलो पनीर को कब्जे में लेकर सील कर दिया।
-
सैंपल लैब भेजे गए: एकत्रित किए गए सैंपलों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो कानूनी कार्रवाई करते हुए सीज किए गए पनीर को नष्ट कराया जाएगा।
दूसरे जिले से मंगवाया था माल, नहीं दिखा पाए बिल
जांच में सामने आया कि संबंधित दुकानदारों ने यह पनीर दूसरे जिले से मंगवाया था, लेकिन मौके पर खरीद का कोई पक्का बिल या दस्तावेज़ पेश नहीं किया जा सका। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे हर सामान की खरीद पक्के बिल के साथ ही करें ताकि सप्लाई के स्रोत का पता लगाया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में रेस्टोरेंट, ढाबों और होटलों में भी इसी तरह औचक निरीक्षण किया जाएगा।
