जालंधर ( Major Times) जालंधर नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और शहर के मेयर वनीत धीर ने अपनी जनसंपर्क मुहिम तेज कर दी है। हलके के विभिन्न वर्गों, कारोबारियों, उद्योगपतियों, ट्रांसपोर्टरों और युवाओं के साथ लगातार संपर्क स्थापित कर रहे वनीत धीर को समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। वहीं, क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को भी उनकी मुहिम का प्रमुख आधार बताया जा रहा है।
वनीत धीर लगातार लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उनका मुख्य फोकस जालंधर नॉर्थ की पुरानी समस्याओं का समाधान करवाने और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर है।
उद्योगपतियों और कारोबारियों के साथ लगातार संपर्क
फोकल प्वाइंट, गदईपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री और स्पोर्ट्स इंडस्ट्री से जुड़े उद्योगपतियों एवं कारोबारियों के साथ वनीत धीर की बैठकें चर्चा में हैं। उद्योग जगत से जुड़े लोगों की मांग है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों, सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।
वनीत धीर इन क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने की बात कह रहे हैं। इसके साथ ही युवाओं और स्थानीय निवासियों के साथ भी उनका जनसंपर्क लगातार जारी है।
सड़कों और पार्कों के विकास पर विशेष ध्यान
जालंधर नॉर्थ के विभिन्न इलाकों में सड़क निर्माण और गलियों की मरम्मत के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में लंबे समय से सड़कों की हालत खराब थी, वहां नए निर्माण कार्य करवाने पर जोर दिया जा रहा है।
