Jalandhar Bus Fire: जालंधर-दसूहा मार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंजाब रोडवेज की एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय बस में करीब 27 यात्री सवार थे। स्थानीय लोगों की सतर्कता और बस ड्राइवर व कंडक्टर की सूझबूझ से सभी सवारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

भोगपुर बस स्टैंड के पास हुआ हादसा
-
इंजन से निकला तेज धुआं: पंजाब रोडवेज की बस जालंधर से दसूहा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस भोगपुर बस स्टैंड के पास पहुंची, तो वहां खड़े लोगों की नजर बस के निचले हिस्से से निकलते तेज धुएं पर पड़ी।
-
यात्रियों में मची भगदड़: बस के अंदर धुआं भरते ही सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। बस में महिलाएं और बुजुर्ग भी सवार थे।
-
मुस्तैदी से बची जानें: बस स्टाफ और स्थानीय निवासियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सभी 27 यात्रियों को एक-एक करके सुरक्षित नीचे उतारा।
आग की लपटों में घिरी बस, तकनीकी खराबी की आशंका
यात्रियों के नीचे उतरते ही आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह इंजन में शॉर्ट सर्किट या कोई गंभीर तकनीकी खराबी मानी जा रही है। फिलहाल परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।
