Pilot Sumit Machhar: (मेजर टाइम्स) इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई (Flydubai) के भारतीय पायलट कैप्टन सुमित मच्छार से फोन पर बात कर उनकी अदम्य बहादुरी, सूझबूझ और शांत मन से सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने की जमकर तारीफ की है। कॉकपिट में सह-पायलट (Co-pilot) द्वारा विमान को क्रैश करने की कथित कोशिश को नाकाम करने वाले 38 वर्षीय कैप्टन सुमित मच्छार को नेतन्याहू ने ‘ग्लोबल हीरो’ करार दिया। इस दौरान इज़राइली पीएम ने कैप्टन मच्छार और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इज़राइल के आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल (Torch Lighting Ceremony) जलाने का ऐतिहासिक निमंत्रण भी दिया।
कॉकपिट में खौफनाक मंजर
यूएई (UAE) के अस्पताल में इलाज करा रहे कैप्टन सुमित मच्छार ने इज़राइली पीएम से फोन पर बातचीत के दौरान कॉकपिट के उन डरावने लम्हों का खुलासा किया:
कैप्टन मच्छार ने बताया कि उड़ान के दौरान को-पायलट ने उनसे प्रार्थना करने की इच्छा जताई थी। उनकी इस भावना का सम्मान करते हुए कैप्टन सुमित दूसरी तरफ मुड़ गए।
जैसे ही कैप्टन सुमित मुड़े, को-पायलट ने उनके सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार हमला कर दिया और लगातार वार करता रहा ताकि विमान से नियंत्रण खो जाए।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन सुमित ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी जान पर खेलकर कॉकपिट पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया व विमान की सऊदी अरब में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करवाई।
“आप इज़राइल, भारत और पूरी दुनिया के लिए हीरो हैं” — नेतन्याहू
इज़राइल के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की गई जानकारी के अनुसार:
नेतन्याहू ने कैप्टन सुमित से कहा— “आप इज़राइल, भारत और पूरी दुनिया के लिए हीरो हैं। स्वतंत्रता दिवस पर मशाल जलाना हमारे देश का सर्वोच्च सम्मान है, जो आम तौर पर इज़राइली नागरिकों को दिया जाता है। लेकिन इस मामले में इज़राइल का हर नागरिक आपको अपना ही मानता है। इसलिए मैं आपको और पीएम नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक समारोह के लिए आमंत्रित करता हूं।”
नेतन्याहू ने यूएई में उपचाराधीन कैप्टन मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उम्मीद जताई कि वे जल्द ही इज़राइल में उनसे मिलेंगे।
