- वार्ड 63 में हाई मास्ट लाइटों, वार्ड 4 में गलियों और वार्ड 3 में नई सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ
- हर वार्ड में सड़क, स्ट्रीट लाइट और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता : धीर
जालंधर, 4 अक्टूबर (मेजर टाइम्स)। Jalandhar News: जालंधर नॉर्थ हलके में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी कड़ी के तहत जालंधर नॉर्थ हलका इंचार्ज और मेयर वनीत धीर ने अलग-अलग वार्डों में कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों में वार्ड नंबर 63 में हाई मास्ट लाइटें लगाने, वार्ड नंबर 4 के स्वर्ण नगर में गलियों के निर्माण तथा वार्ड नंबर 3 में नई सड़कों के निर्माण के कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड में करोड़ों रुपए के विकासों को गति दी जा रही है।
वार्ड नंबर 63 में हाई मास्ट लाइटों के कार्य का शुभारंभ करते हुए मेयर वनीत धीर ने कहा कि बेहतर रोशनी केवल शहर की सुंदरता से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध लोगों की सुविधा और सुरक्षा से भी है। रात के समय लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त रोशनी उपलब्ध रहे, इसके लिए जरूरत के अनुसार हाई मास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जालंधर नॉर्थ के अलग-अलग क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्ट्रीट लाइट या अन्य नागरिक सुविधा
उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर विकास की वास्तविक जरूरत को समझना और उसी के अनुसार कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए स्थानीय पार्षदों और क्षेत्रवासियों से लगातार संपर्क रखा जा रहा है, ताकि किसी भी इलाके में सड़क, नाली, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट या अन्य नागरिक सुविधा से संबंधित समस्या लंबे समय तक लंबित न रहे। इस मौके पर आप नेता जतिंदर भगत जिंद, सुच्चा सिंह, विक्की गुलाटी, राज कुमार, अश्विनी कुमार, वी.के सिंगला, प्रिंस, अशोक कुमार व अन्य इलाका निवासी मौजूद रहे।

इसके बाद वार्ड नंबर 3 में बाबा दीप सिंह नगर में नई सड़कों के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप सिंह लुबाना, वार्ड नंबर 3 की पार्षद बलजिंदर कौर लुबाना, अमृत पाल सिंह, जगजीत सिंह, निर्मल सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। वनीत धीर ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और रोजमर्रा की आवाजाही बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़कों की हालत सुधारने की आवश्यकता है, वहां चरणबद्ध तरीके से काम करवाया जा रहा है।
क्षेत्र की बुनियादी जरूरत
इसी क्रम में वार्ड नंबर-4 के स्वर्ण नगर में गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। यह कार्य नगर निगम जालंधर के कमिश्नर एस. सुरिंदर सिंह की देखरेख में करवाया जा रहा है। इस अवसर पर वार्ड नंबर 4 के पार्षद जागीर सिंह भी मौजूद रहे। वनीत धीर ने कहा कि अच्छी सड़कें और पक्की गलियां किसी भी क्षेत्र की बुनियादी जरूरत हैं। लंबे समय से जिन क्षेत्रों में गलियों की स्थिति सुधारने की जरूरत थी, वहां प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ तालमेल बनाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार पूरे हों और उनका लाभ लंबे समय तक क्षेत्रवासियों को मिल सके।
मेयर वनीत धीर ने कहा कि जालंधर नॉर्थ के विकास को केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। प्रत्येक वार्ड की जरूरत के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय की जा रही है। सड़कें, गलियां, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज, सफाई और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी और सुझाव भी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि क्षेत्र के लोग ही अपनी समस्याओं और जरूरतों को सबसे बेहतर तरीके से जानते हैं।

सरकार की प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की प्राथमिकता लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और शहरों का योजनाबद्ध विकास करना है। जालंधर नॉर्थ में भी इसी सोच के तहत विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और जहां भी किसी प्रकार की कमी या समस्या सामने आए, उसे तुरंत दूर किया जाए।
वनीत धीर ने कहा कि जालंधर नॉर्थ के लोगों ने हमेशा विकास और बेहतर सुविधाओं की उम्मीद के साथ अपना सहयोग दिया है और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में हलके के अन्य वार्डों में भी जरूरत के अनुसार विकास कार्य शुरू करवाए जाएंगे, ताकि जालंधर नॉर्थ को बेहतर सड़कों, पर्याप्त रोशनी और मजबूत बुनियादी सुविधाओं वाला क्षेत्र बनाया जा सके।
