लुधियाना (मेजर टाइम्स)। Sarpanch Murder: पंजाब के लुधियाना स्थित लाडोवाल इलाके में शनिवार देर शाम मनेवाल गांव के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीटू (60) की दिनदहाड़े इनोवा गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी गई। पुलिस कमिश्नर (CP) स्वप्न शर्मा ने मामले का पर्दाफाश करते हुए स्पष्ट किया कि यह कोई राजनीतिक रंजिश नहीं, बल्कि पुस्तैनी पारिवारिक और करोड़ों की जमीन से जुड़ा पुराना विवाद है। वारदात को पूर्व सरपंच के ही रिश्तेदार (ताया/चाचा के पोते) ने अंजाम दिया है। मामले में पुलिस ने 7 लोगों को नामजद कर लिया है।

34 और 44 एकड़ जमीन का पुराना विवाद
पुलिस जांच और पारिवारिक रंजिश से जुड़ी मुख्य बातें:
सीपी स्वप्न शर्मा ने बताया कि दोनों परिवारों के दादा सगे भाई थे। एक परिवार के पास 34 एकड़ और दूसरे परिवार के पास 44 एकड़ जमीन है। दोनों जमीनों की सीमाएं साथ लगती हैं और कोर्ट से लेकर हाई कोर्ट तक सिविल केस लंबित हैं।
दोनों परिवार लंबे समय से एक-दूसरे से रंजिश रखते थे और पहले भी धमकियां देने के मामले सामने आते रहे हैं। मुख्य आरोपी दूसरे परिवार का मुखिया ही है।
कार के डैशबोर्ड कैमरे में कैद हुई वारदात
3 अक्टूबर (शनिवार) शाम करीब 6:25 बजे नवतेज सिंह मनेवाल स्थित खेतों से अपनी इनोवा कार में अकेले अपने घर (कृष्णा नगर, घूमार मंडी) लौट रहे थे। आमतौर पर उनका वकील बेटा साथ होता था, लेकिन शनिवार को वे अकेले थे।
लाडोवाल टोल प्लाजा से साउथ सिटी रोड की तरफ पंजाब फूड ऑफिस के पास बाइक सवार 2 हमलावरों ने इनोवा को घेर लिया। बाइक पर पीछे बैठे शूटर ने पहले सामने से और फिर मुड़कर ड्राइवर साइड से कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे शीशे चकनाचूर हो गए।
कार में लगे डैशबोर्ड कैमरे में हमलावरों की तस्वीरें साफ कैद हो गई हैं, जिसके आधार पर एक शूटर की पहचान हो चुकी है। गंभीर हालत में DMC अस्पताल ले जाए जाने पर डॉक्टरों ने नवतेज को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट के MLA परगट सिंह बने पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान, संगठन में भारी फेरबदल की तैयारी
पुलिस की 6 टीमें कर रही हैं छापेमारी
डीसीपी (सिटी) के नेतृत्व में पुलिस की 6 विशेष टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी और उसके परिजन घर छोड़कर फरार हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
